भरथना,इटावा। मनमोहक विभिन्न इष्टदेवों की आकर्षक इलैक्ट्रॉनिक झाँकियों के साथ नगर भ्रमण को निकली मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम की बारात के नगरवासियों ने दर्शन किये। साथ ही पूजन अर्चन कर अपने आराध्य का गुणगान किया जिसपर नगरवासियों ने जयश्रीराम के जयघोषों से समूचा क्षेत्र गुंजायमान कर दिया। श्री रामलीला कमेटी (रजि.) भरथना के तत्वाधान् में सम्पन्न होने वाली 127वें रामलीला महोत्सव के चलते गुरूवार को मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम की बारात नगर भ्रमण के लिए निकाली गई।
कस्बा के इटावा रोड स्थित हीरो एजेन्सी नगला राजा से बतौर मुख्य अतिथि पूर्व ब्लाक प्रमुख हरिओम यादव ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोज यादव बण्टी व कमेटी पदाधिकारियों के साथ हरी झण्डी दिखाकर श्रीराम की बारात को नगर भ्रमण हेतु रवाना किया।
इससे पहले आगन्तुक अतिथियों ने रथ पर विराजमान मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम का तिलक वन्दन,वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजन अर्चन व आरती उतारी तथा कमेटी अध्यक्ष रोहित यादव, महामंत्री विनोद गोस्वामी, कोषाध्यक्ष नीलेश त्रिपाठी ने आगन्तुक अतिथियों का तिलक वन्दन व पट्टिका पहनाकर स्वागत सम्मान किया। बैण्ड बाजों व डीजे की समधुर ध्वनियों के बीच नगर भ्रमण को निकली प्रभु श्रीराम की बारात में आकर्षक साज-सज्जायुक्त महाराज गजानन,वीर हनुमान,राधाकृष्ण,माता सरस्वती,राम दरबार,साँई बाबा,महिषासुर मर्दनी माँ दुर्गा,खाटूश्याम,सोने की लंका,भगवान भोलेनाथ के विभिन्न स्वरूप आदि सहित करीब आधा सैकडा से अधिक इलैक्ट्रॉनिक झाँकियां आकर्षण का प्रमुख केन्द्र रहीं।
प्रभु श्रीराम की बारात नगला राजा से प्रारम्भ होकर कृष्णा नगर,रेलवे उपरिगामी सेतु, पालीबम्बा,मोतीगंज, तिलक रोड,बजाजा लाइन चौराहा,आजाद रोड, गिरधारीपुरा,सती मन्दिर, मण्डी रोड,पुराना भरथना, बालूगंज होते हुए जवाहर रोड,कृष्णा नगर से होकर कस्बा के जवाहर रोड स्थित मिडिल स्कूल रामलीला प्रांगण पर सम्पन्न होगी। बारात के दौरान विनोद यादव,सत्यप्रकाश यादव, विपिन यादव,अरविन्द भदौरिया,केके यादव,रानू यादव,पवन यादव,श्रीनवेश यादव,टिंकू यादव, कमलेश यादव,मदन कुमार सहित सैकडों कमेटी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
