जसवंतनगर,इटावा। चौ.सुघर सिंह फार्मेसी कॉलेज में विश्व फार्मासिस्ट दिवस बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस वर्ष की थीम “स्वास्थ्य सोचो,फार्मासिस्ट सोचो” रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात कॉलेज निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्ट की महत्ता, उनकी जिम्मेदारी और समाज में जागरूकता फैलाने में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर शैक्षिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पोस्टर प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता में अर्पित और अनुभव ने प्रथम स्थान तथा अनु और खुशी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में अनु ने प्रथम और हर्षिता ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। सभी प्रतिभागियों को उपहार प्रदान किए गए,जिससे उनका उत्साह और बढ़ गया।कॉलेज में प्राध्यापकों के मार्गदर्शन में हृदय एवं फेफड़ा पुनर्जीवन (सीपीआर) विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई,जिसमें विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन रक्षक तकनीकों की जानकारी एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही प्राध्यापकों ने स्वास्थ्य से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विचार व्यक्त किए। अंत में विजेताओं को प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव एवं निदेशक डॉ.प्रदीप कुमार यादव ने सम्मानित किया तथा विद्यार्थियों को फार्मेसी क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।
