जसवंतनगर,इटावा।जसवंतनगर में शनिवार को बस स्टैंड चौराहा स्थित पिंक बूथ पर मिशन शक्ति फेज 5 अभियान के अंतर्गत महिलाओं को उनकी सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं व बालिकाओं ने शिरकत की।क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित करते हुए कहा कि सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना और अपने अधिकारों की जानकारी रखना हर महिला व बालिका के लिए जरूरी है।
उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 1090 वूमेन पावर लाइन,181 महिला हेल्पलाइन,1098 चाइल्ड हेल्पलाइन,112 आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आदि सहायता नंबरों की जानकारी दी।किसी भी संकट की स्थिति में इन नंबरों पर तुरंत मदद मिलेगी।साथ ही महिलाओं के अधिकारों के बारे में विस्तृत रूप से प्रकाश डाला और मिशन शक्ति महिला सशक्तिकरण की विस्तृत जानकारी के लिए पंपलेट वितरित किए।थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की समस्या में यह आपातकालीन सहायता नंबर पीड़िता की तुरंत मदद करेंगे।
इसके अलावा कोई भी महिला किसी प्रकार की समस्या होने पर यहां थाने में सूचित कर सकती है।आपकी समस्या का निदान किया जाएगा। महिला पुलिस कांस्टेबल सुरेखा विनीता मंजू आदि के द्वारा भी महिला सुरक्षा और अधिकारों की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में समस्त थाना स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम समापन के बाद एक बुजुर्ग महिला ने सीओ आयुषी सिंह की कार्यशाली से प्रभावित होकर उनसे मिली और अपनी ग्रामीण भाषा में शिक्षा के बारे में और सीओ कैसे बनी पूछा?सीओ ने बुजुर्ग मां को पढ़ाई के दौरान कठिन मेहनत के बाद यहां तक पहुंचने के बारे में बताया। इस पर बुजुर्ग महिला ने सीओ के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दे हमेशा समाज में न्याय देने की उम्मीद जताकर कहा मैं भी अपनी नातिन को अधिकारी बनाऊंगी।
