इटावा, बकेवर।बिजली विभाग की लापरवाही एक बार फिर भारी पड़ गई। बकेवर थाना क्षेत्र के मुडेना कला गांव में सड़क पर जलभराव के बीच खड़े बिजली पोल में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आकर एक दुधारू भैंस की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पशुपालक के परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।गांव निवासी पशुपालक दीपू राठौर की करीब एक लाख रुपये कीमत की भैंस रोज़ाना कई लीटर दूध देती थी, जो परिवार की आजीविका का बड़ा सहारा थी।
बुधवार शाम भैंस जैसे ही पोल के समीप से पहुंची, करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। देखते ही देखते परिवार में कोहराम मच गया और ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर इकट्ठा हो गई।ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से पोल में करंट उतरने की शिकायत बिजली विभाग के कर्मचारियों से की जा रही थी, लेकिन उनकी तरफ से कोई सुनवाई नहीं हुई। विभाग की इसी लापरवाही का नतीजा है कि आज किसान को इतनी बड़ी क्षति उठानी पड़ी।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और पीड़ित परिवार को मुआवज़ा दिलाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि अगर विभाग समय रहते मरम्मत कर देता तो यह हादसा नहीं होता।इस घटना से न सिर्फ पशुपालक परिवार की दिवाली फीकी पड़ गई है, बल्कि पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन और शासन से न्याय व आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।
