इटावा। दीपावली का पर्व नजदीक है, करवाचौथ का त्योहार अभी एक दिन पहले ही बीता है, ऐसे में खुशियों के माहौल के बीच अछल्दा क्षेत्र के एक किसान परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ग्राम खुमानपुर, अछल्दा (जनपद औरैया) निवासी रामवीर सिंह यादव 40 वर्ष पुत्र लाखन सिंह यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।मृतक के छोटे भाई जीतू यादव ने बताया कि रामवीर सिंह बीते शनिवार को भरथना मंडी में धान बेचने गए थे।
मंडी में धान बिक्री का काम निपटाने के बाद वे शाम को ट्रैक्टर लेकर घर के लिए निकले थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई ।रविवार सुबह लगभग पांच बजे जाहरपुरा पेट्रोल पंप के पास ग्रामीणों ने देखा कि एक व्यक्ति सड़क किनारे ट्रैक्टर से नीचे जमीन पर पड़ा हुआ है। जब लोगों ने पास जाकर देखा, तो पहचान में आया कि वह खुमानपुर निवासी रामवीर सिंह हैं ।
ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना परिवार को दी। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे,तो देखा कि रामवीर सिंह मृत अवस्था में पड़े थे। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों ने बताया कि रामवीर सिंह की शादी वर्ष 2010 में हुई थी। उनके पीछे पांच वर्ष का बेटा और दो वर्ष की बेटी है। परिवार का एकमात्र सहारा अचानक यूं चले जाने से गांव में मातम का माहौल है । दीपावली के ठीक पहले घर में शोक की लहर दौड़ गई है।
भरथना थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर चालक धान बिक्री कर शराब के नशे में ट्रेक्टर चला कर घर जा रहा था वह ट्रैक्टर मोड़ते समय नीचे गिर गया जिससे उसका सिर दब गया मौके पर उसकी मौत हो गई । सूचना मिलते ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी ।
