जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के कचौरा मार्ग स्थित लखेरा कुआं पुलिस चौकी पर बुधवार सुबह पुलिस ने अवैध खाद्य पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की। क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह के निर्देशन में ट्रेनी सीओ अभय कुमार वर्मा द्वारा संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर दो ऑटो और दो मोटरसाइकिलों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में भारी मात्रा में खोया और पनीर बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में सामने आया कि पकड़ा गया खोया फरेरा बाह निवासी पप्पू का और पनीर अरमरा जट शिकोहाबाद निवासी शिशुपाल का है। दोनों बिना किसी वैध अनुमति के यह खाद्य सामग्री बिक्री के लिए ला रहे थे। इनके साथ लीलेन्द्र कुमार निवासी फरेरा बाह और अरविंद कुमार निवासी कचौरा घाट भी थे। सूचना पर पहुंचे खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त राजेश द्विवेदी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान करीब तीन कुंतल खोया और सवा दो कुंतल पनीर बरामद किया गया। दोनों खाद्य पदार्थों के मौके पर ही नमूने भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
