इटावा। मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आजीविका संवर्धन एवं उनके स्व-निर्मित उत्पादों के विपणन के उद्देश्य से केंद्रीय पंचायत उद्योग, मनोहर कॉलोनी इटावा में पंचनद प्रेरणा स्टोर की स्थापना की गई। इस स्टोर का शुभारंभ शुक्रवार को मुख्य अतिथि सदर विधायक सरिता भदौरिया ने किया, जबकि जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार ग्रामीण महिलाओं को समूहों के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बना रही है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं और अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में सक्षम बन रही हैं। जिलाधिकारी ने समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों का अवलोकन किया और गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उत्पादन एवं विक्रय पर जोर दिया।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विकास खंडों में इसी प्रकार के पंचनद प्रेरणा स्टोर स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अभिनव पहल के तहत जनपद में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को पंचनद ब्रांड नाम दिया गया है, जिससे इन्हें एक पहचान मिलेगी और इटावा को प्रदेश स्तर पर विशिष्ट स्थान प्राप्त होगा। पंचनद प्रेरणा स्टोर के अंतर्गत आत्मनिर्भर स्वयं सहायता समूह एवं मां सरस्वती स्वयं सहायता समूह बढ़पुरा, जय माता दी समूह सैफई और अवंतीबाई स्वयं सहायता समूह बसरेहर द्वारा दुकानों का संचालन किया जाएगा।
इन दुकानों में जन सेवा केंद्र, टॉयज व गिफ्ट शॉप, मिलेट्स (मोटा अनाज) उत्पाद तथा बेकरी से संबंधित स्व-निर्मित सामग्री का विपणन एवं विक्रय किया जाएगा। इस अवसर पर उपायुक्त स्वतः रोजगार, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, ब्लॉक मिशन प्रबंधक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित ।
