भरथना,इटावा। भारतीय स्टेट बैंक कानपुर देहात के क्षेत्रीय प्रबंधक अमरपाल सिंह ने कहा है कि होटल और रेस्टोरेंटों में लग्जरी दावतों और भव्य पार्टियों में फिजूल खर्च रोक ने से धन बर्बादी रोकी जा सकती है। ऐसे फिजूल खर्च के स्थान पर क्षेत्र के बुजुर्ग,गरीब और लाचार असहायों की मदद करने से उत्तम आशीर्वाद की प्राप्ति होती है।बल्की ऐसा करने वालों के लिए कोई छोटी-बड़ी पूजा अर्चना आदि पुण्य से बड़ा कोई दूसरा कार्य नहीं हो सकता। आर्थिक रूप से मजबूत लोगों को गरीब असहायों की मदद करनी चाहिए।
यह विचार बैंक के आर-एम अमरपाल सिंह ने शुक्रवार को भरथना के वृद्धाश्रम में मौजूद आधा सैकड़ा से अधिक बेसहारा असहाय वृद्धजनों का हाल चाल पूछकर उनका आशीर्वाद लेते हुए व्यक्त कर रहे थे। बैंक के आर-एम अमरपाल सिंह अपने छोटे बेटे कुनाल के 16वें जन्मोत्सव पर परिवार के साथ वृद्धाश्रम के सभी वृद्धजनों के बीच खुशियां बांटने पहुंचे थे।
बेटे कुनाल के जन्मोत्सव के अवसर पर उन्होंने सभी लग्जरी व्यवस्थाओं को दरकिनार करते हुए आश्रम के आधा सैकड़ा से अधिक बेसहारा असहाय आश्रित वृद्ध महिला-पुरुषों को फल मिष्ठान बिस्कुट-दालमोट, ठंडा-मीठा-पेयपदार्थ वितरण कर उनसे आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी सुनीता सिंह,बेटे कृष्ण प्रताप सिंह, कुनाल प्रताप सिंह,राज प्रताप सिंह,रहीश वारसी उर्फ अन्ना के अलावा वृद्धाश्रम की प्रबंधक ऋतु यादव व कर्मचारी मौजूद रहे।
