इटावा: अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की द्वितीय बैठक में ग्राहकों की समस्याओं पर मंथन किया गया। भरथना कस्बा स्थित एड० निशांत पोरवाल के कार्यालय पर शुक्रवार शाम करीब 08 बजे ग्राहक पंचायत की बैठक सम्पन्न हुई । अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, भरथना इकाई की बैठक में नगर की प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में कार्यकर्ताओं ने सर्वप्रथम नगर पालिका द्वारा दी जा रही पेयजल व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की और उसमें सुधार की मांग की। इसके साथ ही नगर में महिलाओं और पुरुषों के लिए आधुनिक शौचालयों के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
बैठक में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि प्रतिदिन स्टेशन पर टहलने वाले कस्बावासियों के लिए नगर के मध्य में एक सुंदर पार्क का निर्माण कराया जाए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना की समस्याओं पर भी चर्चा हुई, जिसमें मुख्य सड़क की दुर्दशा, एक्सरे मशीन के खराब होने और अन्य व्यवस्थाओं की खामियों पर ध्यान दिलाया गया।इसके अतिरिक्त डाकघर भरथना की अव्यवस्थाओं को भी प्रमुखता से उठाया गया।
इसमें ग्राहकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल सुविधा, चेकबुक की उपलब्धता और कई दिनों से चल रही सर्वर की समस्या जैसे मुद्दे शामिल रहे। बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और तय किया गया कि इन सभी समस्याओं को ज्ञापन के माध्यम से संबंधित विभागों तक पहुँचाया जाएगा, ताकि नगरवासियों को शीघ्र ही इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।
