सीसीटीवी कैमरे और कंट्रोल रूम के जरिये हर व्यक्ति पर रहेगी पैनी नजर सुव्यवस्था के निर्देश
जसवंतनगर,इटावा। आगामी 20 सितंबर से शुरू होने जा रही यहां की अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मैदानी रामलीला में सुरक्षा व्यवस्थाओं व प्रतिदिन होने वाली लीलाओं की व्यवस्थाओं का प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को जायजा लिया। अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी,एसडीएम कुमार सत्यम जीत,क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने रामलीला मैदान में स्थित पंचवटी, रावण महल तथा चारों प्रवेश द्वार रामद्वार,सीता द्वार, लक्ष्मण द्वार एवं हनुमान द्वार पर कार्यक्रमों के दौरान लगाई जाने वाली सुरक्षा व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण के उपाय किए जाने की रूपरेखा तय की।
इसके अलावा रामलीला मैदान में महिला वार्ड एवं पुरुष वार्ड में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाये जाने व मेले से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी परस्पर विचार विमर्श किया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देंनजर निर्णय लिया गया कि मेला परिसर के अलावा सड़के भी सीसीटीवी से लैस होगी और प्रत्येक व्यक्ति की निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी।बैठक में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह, एसडीओ विद्युत आनंदपाल सिंह,जेई कौशल पांडे, पालिका अध्यक्ष सत्यनारायण संखवार, कमेटी के हीरालाल गुप्ता, राजीव गुप्ता बबलू,अजेंद्र सिंह गौर,राजीव माथुर, एड.भुजवीर सिंह यादव, राजेंद्र गुप्ता,एड.रामनरेश यादव,पप्पू समेत समस्त कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
