इटावा : अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत (ABGP) ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने की मांग को लेकर चिकित्सा अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा । संगठन ने कहा कि ABGP एक उपभोक्ता हितैषी संगठन है, जिसका उद्देश्य उपभोक्ताओं और ग्राहकों को उनके अधिकार दिलाना और समस्याओं का समाधान कराना है। इसी कड़ी में भरथना क्षेत्र के नागरिकों की ओर से चिकित्सा व्यवस्था में आ रही दिक्कतों को दूर कराने के लिए यह पहल की गई है।
संगठन ने कहा कि अस्पताल तक पहुँचने का मार्ग काफी जर्जर और खराब है, जिसके चलते मरीजों और परिजनों को आवागमन में कठिनाई होती है। इसके अलावा कई बार मरीजों को अस्पताल में आवश्यक जांच की सुविधा न मिलने पर उन्हें बाहर निजी पैथोलॉजी सेंटरों पर अधिक शुल्क देकर जांच करानी पड़ती है। ऐसी स्थिति में गरीब और जरूरतमंद मरीजों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ झेलना पड़ता है।
साथ ही अस्पताल परिसर और मुख्य द्वार पर पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधा का भी अभाव है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी उठानी पड़ रही है।संगठन ने मांग की कि इन समस्याओं का तत्काल समाधान कर मरीजों को राहत दिलाई जाए।
ज्ञापन पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के अध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव, सचिव इं. हिमांशु गुप्ता, जिलाध्यक्ष एवं प्रांत प्रचार प्रमुख निशांत पोरवाल (एडवोकेट) सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने हस्ताक्षर किए।
