इटावा । उत्तर प्रदेश विधान परिषद आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण कार्यक्रम और मतदेय स्थलों के निर्धारण के संबंध में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी ने की। इसमें मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं शिक्षक बल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।जिलाधिकारी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि जो भी नामांकन/फार्म भरे जाएँगे, उनमें आधार कार्ड एवं आवश्यक प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही विशेष अभियान की तिथियों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक शिक्षक और पात्र मतदाता इसमें भागीदारी कर सकें। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्रों पर व्यावहारिक रूप से सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँ।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचक नामावली भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ही तैयार कराई जाएगी। आधार संख्या के रख-रखाव में आधार अधिनियम 2016 की धारा 37 के प्रावधानों का कड़ाई से पालन किया जाए। साथ ही यह भी ध्यान रखा जाए कि आधार का उपयोग केवल पहचान संबंधी प्रक्रिया तक ही सीमित रहे और इसका वित्तीय अथवा अन्य सेवाओं से कोई प्रत्यक्ष संबंध न हो।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर, भाजपा महामंत्री शिवाकांत चौधरी, कांग्रेस पार्टी के पल्लव दुबे, समाजवादी पार्टी के उदयभान सिंह यादव, बसपा जिला महासचिव राकेश कुमार, आम आदमी पार्टी के इकरार अहमद, राष्ट्रीय कांग्रेस के आशुतोष दीक्षित, समस्त उप जिलाधिकारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने निर्वाचन कार्यों में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन को सहयोग देने का आश्वासन दिया।
