भरथना/इटावा: सपा राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश में आगामी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव होंगे। पार्टी नेता और पदाधिकारी कार्यकर्ता सहित समर्थक अभी से गांव गलियों में समाजवादी पार्टी का जनजागरण शुरू कर दे। पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री यादव शनिवार को भरथना तहसील क्षेत्र के महेवा विकास खण्ड अन्तर्गत ग्राम अहेरीपुर में समाजवादी पार्टी के संयोजन में आयोजित पीडीए सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करने पहुंचे थे।
उन्होंने समाजवादी पार्टी के संयोजन में आयोजित पीडीए को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी 2027 में प्रदेश में सपा की सरकार बनना सुनिश्चित है प्रदेश का मुख्यमंत्री सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को बनाने के लिए हम सभी नेता पदाधिकारी कार्यकर्ता तन मन धन से पार्टी के प्रचार प्रसार में जुट जाएं।उन्होंने साफ कहा कि आगामी पंचायत चुनाव में सपा प्रधान व बीडीसी पद पर अपना कोई भी अधिकृत प्रत्याशी नहीं उतारेगी ब्लॉक प्रमुख व जिला पंचायत अध्यक्ष पदों का निर्णय पार्टी बाद में करेंगी।
सपा राष्ट्रीय महासचिव श्री यादव ने पदाधिकारी कार्यकर्ताओं से कहा कि जो अधिकारी वर्तमान में भाजपा सरकार के एजेंट के रूप में कार्य कर रहे हैं सपा की सरकार आने पर सबका हिसाब किया जाएगा,साथ ही कार्यकर्ता के मान सम्मान की हर हाल में रक्षा की जाएगी।उन्होंने बताया कि आगामी चुनाव आने तक बहुत बाधाएं आएगी लेकिन कार्यकर्ता घबराएं बिल्कुल नहीं,उन्होंने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा निकम्मे लोगों की सरकार है,नेता अधिकारी जनता की बात नहीं सुनते,कोई भी विकास का वादा पूरा नहीं किया,टैक्स व बिजली बिल खूब बसूले जा रहे हैं जबकि उपभोक्ताओं को पर्याप्त बिजली नहीं दे पा रहे हैं।उन्होंने कहा है कि सपा वोट चोरी रोकेगी और सपा कार्यकर्ता 2027 में बेईमानों की सरकार उखाड़ फेंकेंगे।
सांसद जितेंद्र दोहरे ने अपने संबोधन में कहा कि ब्लॉक महेवा सहित वह पूरे संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए बिना किसी भेदभाव के हर गांव में विकास करा रहे है वहीं किसी भी कार्यकर्ता को प्रताड़ित किया जाता है तो वह हर समय उनके साथ खड़े है। 2027 में सपा मुखिया को मुख्यमंत्री बनाने के लिए सपा की जनहित कारी नीति रीतियों को घर घर तक पहुंचाए,भाजपा की डबल इंजन सरकार में जवान, किसान,छात्र,व्यापारी, शिक्षक सब परेशान है।
भाजपा सरकार पुराने शिक्षकों को नौकरी से निकालने का कुचक्र रच रही है जो सपा कभी नहीं होने देगी ।सम्मेलन के शुभारंभ से पूर्व मुख्य अतिथि श्री यादव का सांसद व सम्मेलन के आयोजन जितेंद्र दोहरे के नेतृत्व में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अनुराग दोहरे, प्रधान अखिलेश,पूर्व प्रधान संजय पाल,क्षेत्र पंचायत सदस्य मिथुन पांडेय,अन्नू पाल,रामजी तिवारी,रोहित जाटव आदि ने स्वागत सम्मान किया।
वहीं इसके अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद पूर्व मंत्री रामसेवक यादव, विधायक राघवेंद्र गौतम, जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य बबलू,जिला उपाध्यक्ष चच्चू शुक्ला,पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरिओम यादव,डॉ.जयसिंह चौहान,चेयरमैन अजय यादव गुल्लू ,पूर्व मंत्री अशोक यादव,आशीष राजपूत,वीरू भदौरिया आदि का भी स्वागत सम्मान किया।
