भरथना,इटावा। भरथना तहसील कस्बा क्षेत्र के आजाद रोड स्थित आर्य श्यामा बालिका इंटर कालेज में मिशन शक्ति फेज़-5 के तहत चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के अंतर्गत गुरुवार को कॉलेज की छात्राओं को साइबर सुरक्षा एवं आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस क्षेत्राधिकारी अतुल प्रधान ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें सोशल मीडिया का सोच-समझकर इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म से दूरी बनाने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने समझाने के लिहाज से बताया कि किसी भी परिस्थिति में अपने ओटीपी या व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
इसी के साथ ही 1090/112/1930, 102,181,1098,108 व रानी लक्ष्मी बाई योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं के बारे मे भी विस्तृत जानकारी दी गई।सीओ श्री प्रधान ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति उन्हें परेशान करता है या छेड़ छाड़ जैसी हरकत करता है, तो तुरंत इसकी सूचना नजदीकी थाना पुलिस चौकी को दें। पुलिस छात्रा की पहचान और नाम पूरी तरह गोपनीय रखेगी।
उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा,सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना है।इस मौके पर आर्य श्यामा बालिका इंटर कॉलेज प्रबंधक श्रीभगवान पोरवाल,इस्पेक्टर क्राइम अरिमर्दन सिंह,सहित विद्यालय की अध्यापिकाएं मौजूद रही।
