इटावा। इटावा नगर पालिका परिषद के वरिष्ठ लिपिक राजीव यादव का शव शनिवार सुबह 11 बजे यमुना नदी से बरामद कर लिया गया है। एसडीआरएफ की टीम ने बढ़पुरा थाना क्षेत्र के जरहौली गांव के पास से 29 घंटे बाद शव निकाला गया। राजीव यादव ने बीते शुक्रवार सुबह यमुना नदी के पुल से छलांग लगाई थी।
उन्होंने एक सुसाइड नोट में कई गंभीर आरोप लगाए थे।दो पन्नों के सुसाइड नोट में राजीव यादव ने समाजवादी पार्टी की नगर पालिका परिषद की चेयरमैन ज्योति गुप्ता,उनके पति पूर्व चेयरमैन कुलदीप गुप्ता उर्फ संटू,अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका संतोष मिश्रा, रिटायर्ड पेशकार अतर सिंह और रिटायर्ड लिपिक सुनील वर्मा पर साजिश रचने का आरोप लगाया था।
उन्होंने इन सभी पर झूठी शिकायतें करवाकर जांच के नाम पर प्रताड़ित करने और वेतन न देने जैसे आरोप लगाए थे।मृतक के पुत्र सिद्धार्थ अर्जुन ने पुलिस को पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने मुकदमा दर्ज कर सभी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। पुत्र ने यह भी कहा है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती,तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
शव विच्छेदन गृह पर जिले भर के समाजसेवी,नेता और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद हैं।सिद्धार्थ ने बताया कि उन्होंने अपने पिता के सुसाइड नोट में लिखे पांच नामजदों के खिलाफ सीओ को तहरीर दी है। सिद्धार्थ ने आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग दोहराई। उन्होंने अपनी जान को भी खतरा बताया,लेकिन कहा कि वे अपने पिता को न्याय दिलाने के लिए किसी भी कीमत पर नहीं झुकेंगे।
शव मिलने की जानकारी पर बीजेपी से सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया, बीजेपी जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता,सपा नेता सर्वेश शाक्य,उदयभान सिंह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और परिवार को ढांढस बंधाया।क्षेत्राधिकारी नगर अभय नारायण राय ने जानकारी देते हुए बताया कि एसडीआरएफ टीम ने यमुना नदी से मृतक का शव बरामद कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। परिवार की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
