इटावा । भरथना थाना क्षेत्र के ग्राम समसपुर मुड़ना में रविवार को एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार और गांव में मातम पसर गया । सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतका की पहचान कोमल उर्फ सोनाली (22) वर्ष पत्नी ब्रजेश कुमार निवासी समसपुर मुड़ना के रूप में हुई है। सिकंदरा, कानपुर देहात निवासी कोमल की शादी वर्ष 2023 में ब्रजेश कुमार ट्रक ड्राइवर हैं के साथ हुई थी।
मृतका के पिता राकेश कुमार निवासी सिकंदरा, कानपुर देहात ने बताया कि रविवार शाम करीब पांच बजे उनके बेटे ने फोन पर सूचना दी कि दीदी ने फांसी लगा ली है।परिजनों ने बताया कि सूचना मिलते ही वे रात करीब नौ बजे ससुराल पहुंचे तो देखा कि कोमल कमरे में कुंडे से लटकी हुई थी ।
यह दृश्य देखकर परिजन रोने बिलखने लगे। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची।फिलहाल मायके पक्ष के परिजनों ने ससुराल वालों पर किसी भी तरह का आरोप नहीं लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की और पैनल की निगरानी में वीडियोग्राफी कराते हुए पोस्टमार्टम कराया है।
भरथना थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि परिजनों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की तहरीर दी गई है शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी ।
