इटावा। थाना बकेवर क्षेत्र के ग्राम कुशगवां अहिरान में सोमवार सुबह सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराना ग्राम प्रधान को भारी पड़ गया। सरकारी ज़मीन पर खेल मैदान का निर्माण कराना चाहते ग्राम प्रधान, गांव के ही कुछ दबंगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में ग्राम प्रधान राजेश कुमार पुत्र हाकिम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ग्राम प्रधान अभिनेता राजपाल यादव के दामाद के भाई हैं।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।घटना के संबंध में ग्राम प्रधान के भाई निशांत कुमार पुत्र हाकिम सिंह निवासी ग्राम कुशगवां अहिरान ने थाने में तहरीर देकर बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे उनका भाई राजेश कुमार खेतों में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही राजाराम, दिनेश कुमार, करन सिंह, सत्येंद्र उर्फ गोविंद, सचिन उर्फ टाइगर पुत्र राधाकृष्ण, बिरजू पुत्र रामावतार सिंह और कुछ अज्ञात लोग हथियारों के साथ मौके पर पहुंच गए। इन सभी ने उनके भाई को घेर लिया और जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में प्रधान को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने प्रधान की मोटरसाइकिल और कुछ रुपये भी लूट लिए । इसके बाद वे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रधान के भाई की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।
