इटावा: भरथना क्षेत्र स्थित प्राचीन एवं आस्था का केंद्र मोढादेव मंदिर, प्रांगण में भाई दूज के पावन अवसर पर तीन दिवसीय भव्य मेले का शुभारंभ किया गया। मेले के प्रथम दिन ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा परिसर भक्ति और उल्लास से सराबोर हो गया।शिव चरण दास एवं छोटू दास महाराज के आशीर्वचन से हुई शुरुआत । मंदिर के महंत शिव चरण दास महाराज एवं छोटू दास महाराज के आशीर्वाद के बाद मेले का विधिवत शुभारंभ किया गया। दोनों महाराजों ने बताया कि यह मेला न केवल धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने का माध्यम भी है।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचे श्री कृष्ण यादव, मेला उद्घाटनकर्ता बने मनोज कुमार यादव मेले के मुख्य अतिथि के रूप में श्री कृष्ण यादव ने शिरकत की । वहीं मेला उद्घाटनकर्ता के रूप में मनोज कुमार यादव ने फीता काटकर तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया ।
इस अवसर पर मेला अध्यक्ष शिवनाथ सिंह यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। मेले के दूसरे दिन होने वाली दंगल प्रतियोगिता का उद्घाटन मनोज कुमार यादव (बंटी) द्वारा किया गया ।
दंगल में आसपास के जनपदों के नामी पहलवानों के अखाड़े में उतरे जिसे देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह रहा । महंत छोटू दास महाराज ने बताया कि मोढादेव मंदिर में सच्चे मन से की गई प्रार्थना फलदायी होती है। भक्त अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर मंदिर परिसर में झंडा चढ़ाते हैं। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और आज भी लोगों की आस्था का प्रतीक बनी हुई है।
बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं । साथ ही खिलौनों, मिठाइयों और पारंपरिक ग्राम्य वस्तुओं की दुकानों पर भारी भीड़ जुटी रही। शाम के समय मेले की रौनक देखने को बनती है ।श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। स्थानीय प्रशासन द्वारा पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रकाश और पेयजल व्यवस्था भी की गई है।
मेला अध्यक्ष शिवनाथ सिंह यादव ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी श्रद्धालुओं, ग्रामवासियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
