इटावा । महेवा में एक निजी क्लीनिक पर इलाज के दौरान महिला की संदिग्ध मौत होने के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि डॉक्टर ने महिला को गलत इंजेक्शन लगाया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और जांच शुरू कर दी है।ग्राम शौहरी गड़िया, अजीतमल (औरैया) निवासी 55 वर्षीय शकुंतला देवी सोमवार को महेवा स्थित एक निजी क्लीनिक पर घुटनों के दर्द की दवा लेने पहुंची थीं। परिजनों के अनुसार डॉक्टर ने उन्हें इंजेक्शन लगाया, जिसके तुरंत बाद उनकी तबीयत खराब होने लगी।
डॉक्टर ने गंभीर हालत देखते हुए उन्हें इटावा रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। खबर मिलते ही परिजन निजी क्लीनिक पहुंचे और महिला का शव बाहर रखकर डॉक्टर के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया ।
मृतका की बेटी ने बताया कि सामान्य दर्द की दवा लेने आई मां को गलत इंजेक्शन लगाया गया, जिसके बाद उनकी हालत तेजी से खराब हो गई।सूचना पर पहुंचे महेवा चौकी प्रभारी ने परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने बताया कि परिजनों की सहमति पर पंचनामा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
