इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने क्षेत्रवासियों में दहशत फैला दी है। सर्दियां शुरू होते ही बदमाशों ने नगर और आसपास के इलाकों में ताबड़तोड़ चोरियां कर पुलिस सुरक्षा को खुली चुनौती दे डाली है। स्थिति यह है कि तीन दिनों के भीतर कस्बे के कई घरों और दुकानों में ताले टूटे पाए गए हैं, वहीं लाखों रुपए की चोरी की घटनाओं से ग्रामीण और व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।बीती रविवार की रात बदमाशों ने कंधेसी माइनर-रेलवे ओवरब्रिज के पास इटावा रोड चौराहे पर स्थित दो जनरल स्टोरों को निशाना बनाया।
नगला अच्छेलाल निवासी दुकानदार राजेश यादव और कृष्णा नगर निवासी लालू प्रसाद जब सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर के ताले टूटे मिले। दुकान की जांच करने पर राजेश यादव को 1600 रुपये नगद के अलावा करीब 10 हजार रुपये कीमत का बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू, पान मसाला, चॉकलेट और अन्य सामान चोरी होने की जानकारी हुई। दुकानदारों ने बताया कि वे रोज की तरह रात करीब साढ़े आठ बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे।
चोरी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।इधर, कस्बे में प्रतिदिन चोरियों से फैली दहशत तब और बढ़ गई जब सोमवार की सुबह मोहल्ला राजागंज में एक ही रात में तीन जगह ताले टूटने से हड़कंप मच गया। पहली घटना विनोद शुक्ला के घर में हुई, जो अपनी पत्नी के साथ सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान बदमाशों ने घर में घुसकर अलमारी के लॉकर में रखे करीब 40 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए।
घर के अंदर सो रही पुत्रवधू नेहा शुक्ला को कुछ आवाजें सुनाई दीं, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। शोर सुनकर जब पड़ोसी जुटे, तब तक चोरों का कोई पता नहीं था।इसी क्रम में डाकघर अभिकर्ता रामवेद शर्मा के सूने घर को भी बदमाशों ने निशाना बनाया। उनकी बेटी की शादी 11 दिसंबर को कानपुर में होनी है, जिसके चलते पूरा परिवार घर छोड़कर बाहर गया हुआ था। बदमाशों ने ताले तोड़कर अंदर रखा सामान उलट-पुलट कर दिया और बड़े स्तर पर चोरी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पूरा नुकसान परिवार के लौटने पर ही स्पष्ट होगा।
इसके अलावा पास में स्थित नए खुले ब्यूटी पार्लर की दुकान के ताले भी रात में तोड़ दिए गए। पार्लर संचालिका राधा सुबह जब दुकान पहुंचीं तो शटर खुला देख वे घबरा गईं। अंदर जांच करने पर गोलक में रखे करीब तीन हजार रुपये नगद समेत कई सामान चोरी मिलें। तीनों घटनाओं की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी।
लगातार हो रही चोरियों से स्थानीय निवासियों का कहना है कि भरथना सर्किल के पूर्व सीओ अतुल प्रधान के सेवानिवृत्त होते ही बदमाशों के हौसले बढ़ गए हैं और पुलिस की रात्रि गश्त बेहद कमजोर दिखाई दे रही है। लोग इसे खराब सुरक्षा व्यवस्था का परिणाम मान रहे हैं।क्षेत्र के प्रबुद्धजनों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से रात्रि गश्त बढ़ाने, सक्रिय चोर गैंग को गिरफ्तार करने और कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी घटनाओं की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
