बकेवर/इटावा। थाना कस्बा क्षेत्र में औरैया रोड स्थित एमआरएफ एजेंसी के सामने रविवार सुबह करीब 9:45 बजे हुए सड़क हादसे में 22 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक को पीछे से अज्ञात लोडर ने टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को राहगीरों की मदद से बकेवर के 50 शैय्या अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल इटावा रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ग्राम ब्यासपुर, थाना बकेवर निवासी अभिनय प्रताप उर्फ ऊधम सिंह 22 वर्ष पुत्र अवनेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। वह अपनी मोटरसाइकिल से बकेवर नगर के लखना रोड स्थित बाबूराम इंटर कॉलेज के पास रहने वाली अपनी बुआ आशा देवी के घर दूध देने जा रहा था। जैसे ही वह औरैया रोड पर एमआरएफ एजेंसी के पास पहुंचा, तभी पीछे से आए अज्ञात लोडर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।हादसे के बाद अभिनय प्रताप सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंचे राहगीरों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।अभिनय प्रताप की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां सुनीता देवी, बहनें रुचि और आदर्शलता, बुआ आशा देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक तीन भाइयों में से दूसरे नम्बर का था। उसके बड़े भाई अभिषेक उर्फ रिंसू और छोटा भाई चंदू हैं।घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष विपिन कुमार एवं कस्बा इंचार्ज विनीत पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर शव का पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कस्बा प्रभारी विनीत पांडे ने बताया कि अज्ञात लोडर ने युवक को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई । सीसीटीवी कैमरों की मदद से अज्ञात लोङर की तलाश की जा रही है।
