रिपोर्ट – ओमकार कठेरिया
आगरा मंडल में उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने आज रविवार को आगरा के शाहगंज स्थित राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। दीवारों पर पेंट-पुट्टी खराब थी, दरवाजे और खिड़कियां सही से बंद नहीं हो रही थीं तथा परिसर और शौचालयों में गंदगी पाई गई।समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि छात्र समाज का भविष्य हैं और उनकी सुविधा व सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यों में ढिलाई करने वाले अधिकारी और कर्मचारी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे।
निरीक्षण के बाद समाज कल्याण मंत्री ने डिप्टी डायरेक्टर समाज कल्याण को निर्देश दिया कि पंद्रह दिनों के भीतर छात्रावास की सभी खामियों को दूर किया जाए। पेंटिंग, मरम्मत, दरवाजों और खिड़कियों की दुरुस्ती तथा सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता से पूरा करने के आदेश दिए गए। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरे न होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।सरकार में मंत्री के औचक निरीक्षण से विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कई कर्मचारी तत्काल सफाई और व्यवस्था सुधारने में जुट गए।
वहीं छात्रों और अभिभावकों में मंत्री की इस सख्ती को लेकर संतोष देखने को मिला। उनका कहना है कि अब छात्रावास की व्यवस्था में सुधार होगा और छात्रों को स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण मिलेगा।मंत्री असीम अरुण ने यह भी आश्वासन दिया कि राज्य सरकार अनुसूचित जाति छात्रावासों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखेगी ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं समय पर मिल सकें।
