हापुड़: जनपदीय स्वाट टीम और थाना हापुड़ नगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 2016 की नोटबंदी के दौरान बंद हुए ₹1000 और ₹500 के पुराने नोटों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से ₹78 लाख 50 हजार की प्रतिबंधित पुरानी करेंसी, एक अवैध असलहा और 6 मोबाइल फोन जब्त किए गए।
एसपी कुंवर ज्ञान्जय सिंह के अनुसार, आरोपी टेलीग्राम ऐप के जरिए एक-दूसरे से संपर्क में रहते थे। वे लोगों को पुरानी करेंसी के बदले नई करेंसी देने का लालच देकर यह रकम इकट्ठा करते थे। बरामद पुरानी करेंसी को वे अपने संपर्क सूत्र (कॉन्टेक्टर) तक पहुंचाते थे, जिसके बदले उन्हें मोटा कमीशन मिलता था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर मामले की गहराई से जांच कर रही है।
