इटावा। प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक और कदम उठाते हुए स्वास्थ्य विभाग में कनिष्ठ सहायकों की नियुक्ति की गई है। लखनऊ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशभर के लगभग 1100 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
इसी क्रम में इटावा जिले के 11 चयनित कनिष्ठ सहायकों को सोमवार को सदर विधायक सरिता भदौरिया के हाथों नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।विधायक सरिता भदौरिया ने इस अवसर पर सभी नव नियुक्त कनिष्ठ सहायकों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने कहा, “प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार पूरी तरह से समर्पित है। नव नियुक्त कर्मचारी ईमानदारी और सेवा भाव से जनता की सेवा करेंगे, यही हम सभी की अपेक्षा है।”विधायक भदौरिया ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश में योगी सरकार ने युवाओं को 8.30 लाख नौकरियां प्रदान की हैं। उन्होंने बताया कि अलग से स्किल डेवलपमेंट मंत्रालय बनाकर युवाओं को रोजगार देने के लिए व्यापक अभियान चलाया गया है।
जिला उद्योग केंद्र और सेवायोजन विभाग के माध्यम से रोजगार सृजन को गति दी गई है। उन्होंने कहा, “इटावा में ही 40 रोजगार मेले आयोजित कर हजारों युवाओं को नौकरियों का लाभ दिलाया गया है। विपक्ष का काम केवल आरोप लगाना है, जबकि हम जनता को विकास का लाभ पहुंचाने में जुटे हैं।”पत्रकारों द्वारा बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे अस्पतालों और क्लीनिकों के बारे में पूछे गए सवाल पर विधायक ने स्वीकार किया कि जिले में कई अस्पताल बिना अनुमति के संचालित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा, “इस मुद्दे पर अधिकारियों से कई बार बात हुई है। अब इस पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।”

नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. बी.के. सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा, “हमारे विभाग में 11 नए कनिष्ठ सहायक नियुक्त हुए हैं। हमें विश्वास है कि यह सभी कर्मचारी मेहनत, लगन और ईमानदारी से कार्य करेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देंगे।”

नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाली प्रीति सिंह राठौर ने निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में काम करने का अवसर उनके लिए गर्व की बात है और वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगी।
