जसवंतनगर,इटावा। नगर के एक मोहल्ले के युवक ने आत्मघाती कदम उठाते हुए फांसी के फंदे पर झूल कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना से मोहल्ले में सनसनी फैल गई। सूचना पर घटनास्थल पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।नगर के मोहल्ला अहीर टोला के रहने वाले जय कश्यप पुत्र दिनेश कश्यप उम्र करीब 30 वर्ष नगर के ही एक मेडिकल स्टोर पर प्राइवेट नौकरी करता था।शनिवार को अपनी दिनचर्यानुसार रात करीब 9 बजे वह अपने घर आया और अपने माता-पिता के साथ हंसी-खुशी से भोजन ग्रहण किया। उसके बाद उसने अपने पिताजी को खाने के लिए दवा दी।
उसके माता-पिता ऊपर छत पर और वह खुद नीचे कमरे में सोने के लिए चला गया। सुबह करीब 4 बजे जब जय कश्यप के माता-पिता नीचे आए और देखा कि उनका बेटा जय कमरे में साड़ी के फंदे से छत के कुंडे पर लटका है। यह दृश्य देख परिजनों में कोहरा मच गया।चीख पुकार से आस पड़ोस के लोग इकट्ठे हो गए। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह और फोरेंसिक टीम प्रभारी राम सहाय सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने मौके से एक बंद मोबाइल फोन भी बरामद किया है। मंडी चौकी प्रभारी जितेंद्र चौधरी ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।पुलिस परिजनों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
मृतक अविवाहित था,उसके पिता दिनेश कश्यप मुरमुरियों का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था जबकि उसके अन्य दो छोटे भाई अंकित और विनय बाहर प्राइवेट नौकरी करते हैं। घटना के बाद मां सुधा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक खुशदिल और मिलनसार स्वभाव का था।उसके इस आत्मघाती कदम से मोहल्लेवासी हतप्रभ है आखिर उसने यह कदम क्यों उठाया।फिलहाल घटना से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
