
इटावा जनपद के थाना इकदिल क्षेत्र में जमीन विवाद के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। ग्राम पिलखर निवासी गीता देवी द्वारा लगाए गए आरोपों पर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष ताखा एवं विश्व हिंदू महासंघ जिला संयोजक लकी कठेरिया ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।लकी कठेरिया ने साफ शब्दों में कहा कि गीता देवी द्वारा लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह निराधार, झूठे और भ्रामक हैं। उन्होंने बताया कि हमने बटन सिंह को पाँच लाख रुपये दिए थे, जिसकी बाकायदा नोटरी करवाई गई थी। बटन सिंह ने स्वयं लिखित में कहा था कि यदि रुपये वापस नहीं किए गए तो वह हमें प्लॉट लिख देंगे। इसके बाद सौदा पूरी सहमति से हुआ।लकी कठेरिया ने यह भी खुलासा किया कि जिस बैनामा की बात की जा रही है, उसमें गीता देवी स्वयं गवाह के रूप में मौजूद थीं। ऐसे में धोखे और जबरन कब्जे का आरोप बिल्कुल असत्य है।उन्होंने आरोप लगाने वालों को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि यह सब षड्यंत्र और राजनीति से प्रेरित साजिश है। कुछ लोग समाज और संगठन में उनकी बढ़ती लोकप्रियता से घबराए हुए हैं।
लकी कठेरिया ने कहा कि मैंने हमेशा भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई है और गरीबों, शोषितों व वंचितों का साथ दिया है। यही कारण है कि कुछ लोग मेरी छवि खराब करने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर लगातार उनके खिलाफ भ्रामक पोस्ट और अफवाहें फैलाई जा रही हैं। इसके पीछे वही लोग हैं जिनके भ्रष्टाचार का उन्होंने विरोध किया था।लकी कठेरिया ने एसएसपी से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जाए, सच्चाई सामने लाई जाए और झूठे आरोप लगाने वालों तथा षड्यंत्र करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।अंत में उन्होंने कहा कि वह समाज की सेवा, गरीबों की मदद और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। झूठे आरोप और साजिशें उन्हें रोक नहीं पाएंगी।रिपोर्ट ओमकार कठेरिया पत्रकार
