इटावा । भरथना थाना भरथना क्षेत्र में शनिवार सुबह खेत की मेड़ के पास एक युवक का रक्तरंजित शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई । ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे भरथना क्षेत्राधिकारी अतुल प्रधान, थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिंग टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना पीपरीपुर–तुरुकपुर मार्ग की है, जहां खेत की जुताई कर रहे एक किसान ने पुलिया से कूल में पड़े युवक के शव को देखा। शव के सिर पर कई बार किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान मिले। खून से सनी जमीन देखकर किसान ने तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। शव की पहचान मोहित कुमार (28 वर्ष), निवासी तुरुकपुर के रूप में हुई।
मृतक के पिता रामशंकर ने बताया कि उनका पुत्र मजदूरी (पल्लेदारी) करता था और शुक्रवार शाम करीब 3 बजे घर से निकला था। पिता ने आरोप लगाया कि रास्ते में उसका गांव के ही एक युवक से विवाद हुआ था और उसी ने ईंट से कुचलकर हत्या की है। मौके पर पहुंचे एएसपी ग्रामीण, श्रीशचंद्र ने बताया परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच की जाएगी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
