इटावा : थाना इकदिल क्षेत्र के ग्राम मुरैथा में गुरुवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ 16 वर्षीय किशोरी पल्लवी की उसके चचेरे भाई रीलू उर्फ पोलार्ड ने कुल्हाड़ी से निर्ममता से हत्या कर दी। वारदात इतनी अचानक और भयावह थी कि पल्लवी की मां सीमा देवी और छोटी बहन नैन्सी के सामने ही वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम तथा डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुँचे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस टीम तथा थाना इकदिल पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया।बताया गया कि पल्लवी, जो कक्षा दसवीं की छात्रा थी, बुधवार शाम कमरे में बैठकर आलू काट रही थी। उसी समय उसका चचेरा भाई रीलू पुत्र वीरेंद्र सिंह अचानक कमरे में घुस आया और बिना कुछ बोले उस पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार करने लगा। कुल्हाड़ी पल्लवी की गर्दन और शरीर के ऊपरी हिस्सों पर कई बार पड़ी, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी एकत्र हुए, लेकिन तब तक आरोपी भाग निकला। परिजनों ने जानकारी दी कि रीलू के स्वभाव में पहले से ही झगड़े और गाली-गलौज की प्रवृत्ति थी। 9 नवंबर को पल्लवी के पिता प्रेमचंद द्वारा आरोपी के खिलाफ गला दबाने की तहरीर भी दी गई थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।घटना के बाद आरोपी की तलाश में पुलिस ने देर रात तक अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया।
रात करीब 12 बजे सूचना मिली कि आरोपी नगला हरनारायण की ओर जाता हुआ देखा गया है। पुलिस ने बरेला मोड़ के पास घेराबंदी की, तभी पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में गोली रीलू के बाएँ पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। मौके से उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के मामले में मुकदमा संख्या 357/2025 धारा 103(1) बीएनएस तथा पुलिस पर फायरिंग और अवैध हथियार रखने के मामले में मुकदमा संख्या 358/2025 धारा 109(1) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत दो मुकदमे दर्ज किए हैं। गिरफ्तार आरोपी रीलू उर्फ पोलार्ड, उम्र लगभग 22 वर्ष, ग्राम मुरैथा, थाना इकदिल, जनपद इटावा का निवासी बताया गया है। इस पूरी कार्यवाही में एसओजी टीम, सर्विलांस यूनिट तथा थाना इकदिल पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
