इटावा । कृषि इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में मंगलवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया । कार्यक्रम में कुल 145 जोड़ों ने वैवाहिक बंधन में बंधकर नए जीवन की शुरुआत की, जिनमें 7 मुस्लिम जोड़े भी शामिल रहे। सभी जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया—मुस्लिम जोड़ों का निकाह मौलवियों ने कराया, जबकि हिंदू जोड़ों ने वैदिक मंत्रों के बीच सात फेरे लिए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद सरिता भदौरिया ने वर-वधुओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि विवाह आपसी सम्मान, विश्वास और सह-अस्तित्व का संबंध है। उन्होंने सभी नवदंपतियों के सुखी दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी सहायता सिद्ध हो रही है, जिससे आर्थिक बोझ कम होता है और सामाजिक समानता को बढ़ावा मिलता है।सरिता भदौरिया ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को 1 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है, जिसमें 60,000 रुपये सीधे कन्या के खाते में, 25,000 रुपये का आवश्यक सामान और 15,000 रुपये भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल गरीब परिवारों को ऋण के बोझ से भी राहत देती है। कार्यक्रम में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, जिला पंचायत सदस्य सचिन यादव, जनप्रतिनिधि, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रदीप तिवारी, समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
