इटावा। भरथना क्षेत्र के भरथना-ऊसराहार मार्ग स्थित भोली गांव के पास विद्या फिलिंग पेट्रोल पम्प पर पेट्रोल कम डालने का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बाइक सवार युवक ने आरोप लगाया कि पम्प कर्मचारी द्वारा पेट्रोल कम डाला गया, जिसकी पूरी घटना उसके हेलमेट में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
जानकारी के अनुसार, एक बाइक राइडर 300 रुपये का पेट्रोल डलवाने पम्प पर पहुंचा था। उसी दौरान कर्मचारी पहले एक अन्य ग्राहक को 50 रुपये का पेट्रोल डालकर भेज चुका था। इसके बाद जब राइडर पेट्रोल डलवाने लगा और ऑनलाइन भुगतान करने में व्यस्त हो गया, तभी कथित रूप से कर्मचारी द्वारा कम पेट्रोल डाला गया।
वायरल वीडियो में राइडर इस पूरे घटनाक्रम को बताते हुए नजर आ रहा है।बताया जा रहा है कि अगले दिन राइडर दोबारा पेट्रोल पम्प पर पहुंचा और संबंधित कर्मचारी को वीडियो दिखाया। कर्मचारी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए 100 रुपये वापस किए, लेकिन राइडर ने केवल अपने 50 रुपये ही लेने की बात कही और सवाल उठाया कि पेट्रोल कम क्यों डाला गया।मामले की शिकायत विधिक माप विज्ञान विभाग तक पहुंची, जिसके बाद वरिष्ठ निरीक्षक नरेश चंद्रा अपनी टीम के साथ मौके पर जांच के लिए पहुंचे। जांच के दौरान मशीनों की जांच की गई और ग्राहकों व कर्मचारियों से बातचीत की गई, लेकिन किसी प्रकार की तकनीकी गड़बड़ी या घटतौली नहीं पाई गई।
वायरल वीडियो देखने के बाद प्रथम दृष्टया यह मामला ग्राहक और कर्मचारी की लापरवाही से जुड़ा प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल भरवाते समय ग्राहक को मीटर पर शून्य (0) अवश्य देखना चाहिए। फिलहाल जांच में पेट्रोल पम्प स्तर पर किसी तरह की अनियमितता नहीं मिली है। : नरेश चंद्रा, वरिष्ठ निरीक्षक, विधिक माप विज्ञान अधिकारी
इस घटना में कर्मचारी की गलती सामने आई है, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि पम्प पर कभी भी ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी नहीं की जाती है और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए सभी कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। : शरद, पेट्रोल पम्प संचालक
