इटावा। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (DVVNL) में बड़ी विभागीय कार्रवाई सामने आई है।
भरथना में एक व्यक्ति की मौत के बाद हुए विवाद और जांच में गंभीर लापरवाही उजागर होने पर विभाग ने दो इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 मार्च 2026 की रात भरथना क्षेत्र के महावीर नगर निवासी शिवपाल सिंह (उम्र करीब 50 वर्ष) की मृत्यु के बाद परिजनों ने 18 मार्च को उपखंड कार्यालय भरथना परिसर में शव रखकर प्रदर्शन किया था। परिजनों का आरोप था कि अत्यधिक बिजली बिल आने के कारण मानसिक तनाव में आकर उनकी मौत हुई है।
मामले ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए।अधीक्षण अभियंता कार्यालय द्वारा 19 मार्च को एक जांच समिति गठित की गई। समिति ने मामले की जांच करते हुए 20 मार्च को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें मीटर से संबंधित कार्यों, बिलिंग प्रक्रिया, डाटा प्रविष्टि तथा सत्यापन में कई गंभीर खामियां पाई गईं। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक सतर्कता और समुचित जांच नहीं की गई, जो उनकी लापरवाही को दर्शाता है।
जांच में सहायक अभियंता (मीटर), अवर अभियंता (मीटर) और टीजी-2 की भूमिका संदिग्ध पाई गई। विभाग ने प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए टीजी-2 विवेक बाथम (सेफ आईडी 17900007) और अवर अभियंता अजय श्रीवास्तव (सेफ आईडी 17603985) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान दोनों कर्मचारी विद्युत परीक्षण खंड/नगरीय वितरण खंड से संबद्ध रहेंगे और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।अधीक्षण अभियंता ने बताया कि मामले में अन्य संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। यदि आगे किसी और की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
